ट्रंप बोले- अपनी मर्जी से जंग में हुआ शामिल, ईरान को नहीं बनने देंगे न्यूक्लियर ताकत
डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान और इजरायल को लेकर बड़ा बयान दिया है. अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान के परमाणु हथियार पर भी टिप्पणी की. जानें उन्होंने क्या कहा?
Photo from Al Jazeera
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर साफ कर दिया है कि इजरायल ने उन्हें ईरान के खिलाफ कभी भी युद्ध शुरू करने के लिए नहीं उकसाया. यह बयान ऐसे समय पर आया है, जब मिडिल ईस्ट (Middle East Tension) में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है. ट्रंप ने इस पोस्ट के जरिए उन खबरों को भी खारिज किया, जिनमें कहा जा रहा था कि इजरायल अमेरिका को युद्ध के लिए प्रेरित कर रहा है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि उनका फैसला हमेशा अमेरिका के हित और उनकी अपनी सोच पर आधारित रहा है, न कि किसी दूसरे देश के दबाव में.
ट्रंप ने बताई ईरान पर खुन्नस निकालने की वजह
ट्रंप ने पोस्ट में आगे यह भी बताया कि आखिर क्यों वह ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर की घटनाओं के बाद उनकी यह सोच और भी मजबूत हो गई है कि ईरान के पास कभी भी न्यूक्लियर हथियार नहीं होना चाहिए. ट्रंप का कहना है, अगर ऐसा होता है तो यह पूरी दुनिया के लिए खतरा बन सकता है. उन्होंने यह भी इशारा किया कि ईरान की नीतियां और उसका रवैया वैश्विक शांति के लिए सही नहीं है, इसलिए सख्त कदम जरूरी हैं.
मीडिया पर भी साधा निशाना
अपने पोस्ट में ट्रंप ने मीडिया और 'फेक न्यूज’' पर भी जमकर हमला बोला. उन्होंने दावा किया कि मीडिया 90% चीजें गलत तरीके से पेश करता है और लोगों को गुमराह करता है. उन्होंने 2020 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव का भी जिक्र किया और कहा कि उस समय भी धांधली हुई थी.
ईरान के भविष्य को लेकर क्या बोले ट्रंप?
ट्रंप ने अपने पोस्ट में यह भी कहा कि अगर ईरान में सत्ता परिवर्तन होता है और वहां समझदार नेतृत्व आता है, तो देश का भविष्य बहुत बेहतर हो सकता है. उन्होंने कहा कि सही नेतृत्व के साथ ईरान एक समृद्ध और सफल देश बन सकता है. यह बयान इस बात का संकेत देता है कि ट्रंप ईरान में बदलाव की उम्मीद रखते हैं. उन्होंने यह भी साफ किया कि मौजूदा हालात में ईरान को न्यूक्लियर हथियार से दूर रखना जरूरी है.
पाकिस्तान में अहम बैठक
मीडिया में यह खबरें भी चल रही है कि अमेरिका के उपराष्ट्रपति JD Vance जल्द ही पाकिस्तान दौरे पर जा सकते हैं. माना जा रहा है कि वह ईरान से जुड़ी बातचीत के अगले दौर में हिस्सा लेंगे, जो इस्लामाबाद में होने वाली है. हालांकि, अमेरिका और ईरान के बीच लगातार तीखी बयानबाजी के कारण स्थिति अभी भी अनिश्चित बनी हुई है. ऐसे में यह बैठक बेहद अहम मानी जा रही है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें