जापान में मिली डायनासोर की हड्डी ने चौंकाया, 27 साल बाद पता चला कितना बड़ा था ये जीव
जापान के फुकुशिमा में 1999 में मिली डायनासोर की एक हड्डी करीब 20 साल तक अनदेखी पड़ी रही. अब वैज्ञानिकों की जांच में पता चला है कि यह करीब 9 करोड़ साल पहले रहने वाले लगभग 3 मीटर लंबे पौधे खाने वाले डायनासोर की हड्डी थी.
तस्वीर का इस्तेमाल केवल प्रतीकात्मक रूप से किया गया है. (AI Photo)
जापान में करीब 27 साल पहले मिली डायनासोर की एक छोटी सी हड्डी ने वैज्ञानिकों को हैरान कर दिया है. ये जीवाश्म साल 1999 जापान के फुकुशिमा में मिला था. मगर लंबे समय तक इस पर ज्यादा शोध नहीं हुआ. अब वैज्ञानिकों ने इसकी दोबारा जांच की तो पता चला कि ये करीब 9 करोड़ साल पहले रहने वाले पौधे खाने वाले डायनासोर की हड्डी थी. शोधकर्ताओं के मुताबिक ये डायनासोर करीब 3 मीटर लंबा रहा होगा. यह खोज इसलिए खास है क्योंकि इससे उस दौर में जापान के तटीय इलाकों में रहने वाले डायनासोरों की विविधता के बारे में नई जानकारी मिली है.
डायनासोर की छाती की हड्डी माना गया
शोध में पता चला की ये जीवाश्म फुकुशिमा प्रांत के इवाकी सिटी अम्मोनाइट सेंटर के परिसर में मिला था. ये इलाका एशिजावा फॉर्मेशन का हिस्सा है, जहां की चट्टानें उस समय के समुद्री वातावरण में बनी थीं. जब यह हड्डी मिली थी, तब इसे एक ऐसे डायनासोर की छाती की हड्डी माना गया था, जो हैड्रोसॉरोइड समूह से जुड़ा हो सकता है. इसके बाद इसे संग्रह में रख दिया गया और करीब दो दशक तक इसकी दोबारा जांच नहीं हुई.
करोड़ों साल पहले धरती पर थे डायनासोर
हाल ही में वैज्ञानिकों ने इस हड्डी की बनावट, मोटाई और दूसरी खास विशेषताओं का बारीकी से अध्ययन किया. जांच के बाद उन्होंने इसे इगुआनोडोंटियन समूह के एक डायनासोर की दाईं ओर की छाती की हड्डी बताया. ये डायनासोर खासतौर से पौधे खाने वाले थे और धरती पर करोड़ों साल पहले बड़ी संख्या में पाए जाते थे. इगुआनोडोंटियन डायनासोरों का झुंड काफी बड़ा था. इनमें कुछ डायनासोर छोटे और हल्के शरीर वाले थे, जबकि कुछ की लंबाई कई मीटर तक होती थी. ये जमीन पर दो पैरों या चार पैरों के सहारे चल सकते थे. इनके दांत और जबड़े पौधों को खाने और उन्हें चबाने के लिए अनुकूल थे. इनके जीवाश्म एशिया, यूरोप और उत्तरी अमेरिका के कई हिस्सों में मिले हैं.
तीन मीटर से ज्यादा लंबे थे डायनासोर
फुकुशिमा में मिली इस हड्डी की सबसे खास बात इसका आकार है. जापान में इसी इलाके से पहले एक काफी बड़े इगुआनोडोंटियन डायनासोर के लगभग पूरे कंकाल का पता चला था, जिसकी लंबाई करीब 8 मीटर मानी गई थी. इसके अलावा भी वहां मिले कुछ जीवाश्म तीन मीटर से ज्यादा लंबे डायनासोरों के होने का संकेत देते हैं. ऐसे में करीब 3 मीटर लंबे डायनासोर की ये हड्डी बताती है कि उस समय इस इलाके में अलग-अलग आकार के इगुआनोडोंटियन डायनासोर मौजूद रहे होंगे.
शोध में दावों की पूरी तरह पुष्टि नहीं
हालांकि वैज्ञानिकों का कहना है कि सिर्फ एक हड्डी के आधार पर यह पक्के तौर पर नहीं कहा जा सकता कि यह किसी छोटे आकार की प्रजाति का वयस्क डायनासोर था या किसी बड़े डायनासोर का बच्चा. फिर भी दूसरी संबंधित प्रजातियों से तुलना करने पर यह संकेत मिलता है कि यह जीव जापान में अब तक मिले कई दूसरे इगुआनोडोंटियन डायनासोरों की तुलना में छोटा था.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें