'मैं ट्रंप को हरा देता लेकिन...', बाइडेन ने अब बताई राष्ट्रपति पद की दौड़ से हटने की बड़ी वजह

US News: पिछले साल नवंबर में हुए अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में जो बाइडेन ने खुद को रेस से बाहर कर लिया था. उनकी जगह कमला हैरिस को डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया गया था.

Published date india.com Published: January 11, 2025 12:53 PM IST
'मैं ट्रंप को हरा देता लेकिन...', बाइडेन ने अब बताई राष्ट्रपति पद की दौड़ से हटने की बड़ी वजह
जो बाइडेन (Image Source- Reuters)

Joe Biden News: अमेरिका के निवर्तमान राष्ट्रपति जो बाइडेन ने राष्ट्रपति पद की दौड़ से हटने की वजह का अब खुलासा किया है. उन्होंने कहा कि वह नवंबर में हुए आम चुनावों में ट्रंप को हरा देते लेकिन उन्होंने डेमोक्रिटिक पार्टी की एकजुटता की खातिर चुनाव के बीच उम्मीदवारी वापस लेने का फैसला किया.

बाइडेन से शुक्रवार को व्हाइट हाउस में संवाददाता सम्मेलन में पूछा गया, ‘राष्ट्रपति महोदय, क्या आपको चुनाव न लड़ने के अपने फैसले पर खेद है? क्या आपको लगता है कि आपने अपने पूर्ववर्ती (ट्रंप) को अपना उत्तराधिकारी बनने का आसान मौका दिया?’

‘ट्रंप को हरा सकता था’

इसपर बाइडेन ने कहा, ‘मुझे ऐसा नहीं लगता. मुझे लगता है कि मैं ट्रंप को हरा देता, हरा सकता था. मुझे लगता है कि कमला (हैरिस) ट्रंप को हरा सकती थीं.’ उन्होंने कहा, ‘पार्टी को एकजुट करना महत्वपूर्ण है और जब पार्टी इस बात को लेकर चिंतित थी कि मैं आगे बढ़ पाऊंगा या नहीं, तो मैंने सोचा कि पार्टी को एकजुट करना बेहतर होगा. हालांकि मुझे लगा था कि मैं फिर से जीत सकता हूं.’

डिबेट में प्रदर्शन नहीं रहा था खास

जून में अटलांटा में राष्ट्रपति पद के उम्मीदवारों के बीच हुई ‘डिबेट’ में बाइडेन (82) का प्रदर्शन कुछ खास नहीं था जिसके बाद से उनकी ही पार्टी के सदस्य बाइडेन के इस पद की दौड़ से हटने की बात करने लगे थे और अंतत: बाइडेन ने ट्रंप के खिलाफ अमेरिकी राष्ट्रपति पद की दौड़ से हटने का फैसला किया था.

कमला हैरिस को बनाया था उम्मीदवार

बाइडेन की जगह उपराष्ट्रपति कमला हैरिस को डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया गया था. हालांकि उन्हें ट्रंप के हाथों हार का सामना करना पड़ा. संवाददाता सम्मेलन के दौरान बाइडेन ने कहा कि कमला हैरिस फिर से राष्ट्रपति चुनाव लड़ने में सक्षम हैं.

‘न नजरों से ओझल होऊंगा और न ही दिलों से’

उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि यह एक ऐसा निर्णय है जिसके बारे में वह सोच सकती हैं. वह चार साल बाद फिर से चुनाव लड़ने के लिए सक्षम है. यह निर्णय उन्हें ही लेना होगा.’ इस दौरान बाइडेन से पूछा गया, ‘क्या आप राष्ट्रपति पद छोड़ने के बाद भी सक्रिय रहने की योजना बना रहे हैं, या आप बुश मॉडल का अनुसरण करने जा रहे हैं, जहां आप लोगों की नजरों से ओझल रहेंगे?’

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

इसका जवाब देते हुए बाइडन ने कहा, ‘मैं न तो नजरों से ओझल होऊंगा और न ही दिलों से.’ डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता बाइडेन 20 जनवरी को राष्ट्रपति पद छोड़ देंगे. उनकी जगह डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ लेंगे. रिपब्लिकन पार्टी के ट्रंप बाइडेन से पहले भी अमेरिका के राष्ट्रपति रह चुके हैं.

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें World Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.