Los Angeles Fire: कैलिफोर्निया के जंगलों से फैली आग ने लॉस एंजिल्स में तबाही मचा दी है. समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, लॉस एंजिल्स में लगी भीषण आग से मरने वालों की संख्या रविवार तक बढ़कर 24 हो गई, जबकि कई लोग लापता हैं. वहीं, आग के कारण 12 हजार से ज्यादा इमारतें नष्ट हो गई हैं जिसमें घर, अपार्टमेंट इमारतें, व्यावसायिक इमारतें आदि शामिल हैं.
आग पर अभी तक काबू नहीं पाया जा सका है. दमकलकर्मी लगातार आग पर काबू पाने के प्रयासों में लगे हुए हैं. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आग के कारण से लाखों लोग घर छोड़ने पर मजबूर हो रहे हैं. आग ने हॉलीवुड हिल्स को भी अपनी चपेट में ले लिया है. कई सेलिब्रिटीज के घर आग में जलकर राख हो चुके हैं.
135-150 बिलियन डॉलर के नुकसान का अनुमान
जानकारी के अनुसार, सरकारी अधिकारियों ने अभी तक नुकसान का अनुमान नहीं लगाया है. हालांकि, आग के कारण करीब 135 बिलियन डॉलर से 150 बिलियन डॉलर तक के नुकसान का अनुमान है. भीषण आग के कारण राष्ट्रपति जो बाइडेन ने अपना विदेशी दौरा रद्द कर दिया था. वहीं, नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कैलिफोर्निया के गवर्नर पर भड़कते नजर आए थे.
आग पर काबू पाना हुआ मुश्किल
अधिकारियों ने दक्षिणी कैलिफोर्निया में भीषण जंगल की आग की स्थिति के लिए तेज हवाओं और सूखी वनस्पति को जिम्मेदार माना है. राष्ट्रीय मौसम सेवा के मुताबिक, रविवार को दिन में हवाएं कमजोर हो गईं, लेकिन रात में फिर से तेज हो गईं. जिससे दमकल कर्मियों के लिए आग पर काबू पाना और मुश्किल हो सकता है.
अमेरिकी इतिहास की सबसे बड़ी आग
आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती अनुमानों से पता चलता है कि यह अमेरिकी इतिहास की सबसे ज्यादा नुकसान वाली आग हो सकती है. रविवार सुबह तक कैलिफोर्निया में लगभग 70,000 ग्राहक बिजली के बिना थे, जिनमें से आधे से ज़्यादा लॉस एंजिल्स काउंटी में थे. अधिकारियों ने पूरे क्षेत्र में सीवर, पानी और बिजली के बुनियादी ढांचे को काफी नुकसान होने की सूचना दी.
हजारों लोगों को निकाला बाहर
आग की लपटों ने पैसिफिक पैलिसेड्स और अल्ताडेना सहित कई घनी आबादी वाले इलाकों को खतरे में डाल दिया है और नष्ट कर दिया है. करीब 150,000 लोगों को निकाला गया है, जिनमें से 700 से ज़्यादा लोगों ने नौ सुविधाओं में शरण ली है. रविवार तक, कैल फायर ने बताया कि पैलिसेड्स फायर पर 11 प्रतिशत काबू पा लिया गया है, और ईटन फायर पर 27 प्रतिशत काबू पा लिया गया है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें World Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.