मोजतबा खामेनेई करा सकते हैं प्लास्टिक सर्जरी, ईरान के नए सुप्रीम लीडर को क्यों पड़ी कृत्रिम अंग की जरूरत?
Mojtaba Khamenei: ईरान के सुप्रीम लीडर का चेहरा इतना बुरी तरह बिगड़ गया है कि उन्हें प्लास्टिक सर्जरी की जरूरत है. साथ ही उनके एक पैर की तीन बार सर्जरी हो चुकी है. वे अब कृत्रिम अंग (prosthetic) का इंतजार कर रहे हैं.
मोजतबा खामेनेई का करीब दो महीने से इलाज किया जा रहा है.
Mojtaba Khamenei: ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई को प्लास्टिक सर्जरी और एक प्रोस्थेटिक यानी कृत्रिम अंग की जरूरत है. अमेरिकी मीडिया में मोजतबा की मेडिकल रिपोर्ट प्रकाशित हुई है, जिसमें ये दावा किया गया है. रिपोर्ट के मुताबिक, आयतुल्लाह मोजतबा खामेनेई 28 फरवरी को अमेरिका-इजरायल के हमले के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसमें उनके पिता और पूर्व शासक अली खामेनेई मारे गए थे.
पैर के तीन ऑपरेशन के बाद चाहिए कृत्रिम अंग
न्यूयॉर्क टाइम्स ने ईरान के उन चार वरिष्ठ अधिकारियों के हवाले से ये रिपोर्ट प्रकाशित की है, जिन्हें मोजतबा खामेनेई की सेहत के बारे में जानकारी है. इन अधिकारियों ने बताया कि खामेनेई गंभीर रूप से घायल हुए हैं. वे मानसिक रूप से पूरी तरह सचेत और सक्रिय हैं. उनके एक पैर का तीन बार ऑपरेशन हुआ है, और उन्हें कृत्रिम अंग (prosthetic) की जरूरत है. उनके एक हाथ की भी सर्जरी हुई है और अब धीरे-धीरे उस हाथ की ताकत वापस आ रही है.
अधिकारियों ने बताया कि मोजतबा का चेहरा और होंठ बुरी तरह जल गए हैं, जिससे उन्हें बोलने में कठिनाई होती है. उन्हें प्लास्टिक सर्जरी की जरूरत है.
यही है सार्वजनिक उपस्थिति से बचने की वजह
अधिकारियों ने बताया कि खामेनेई ने अभी तक कोई वीडियो या ऑडियो संदेश रिकॉर्ड नहीं किया है, क्योंकि वे अपने पहले सार्वजनिक संबोधन में खुद को कमज़ोर या अशक्त दिखाना नहीं चाहते. उन्होंने कई लिखित बयान जारी किए हैं, जिन्हें ऑनलाइन पोस्ट किया गया है और सरकारी टेलीविज़न पर पढ़कर सुनाया गया है.
उनके लिए भेजे जाने वाले संदेश लिखे होते हैं. संदेश लिफाफों में बंद करके सील किए जाते हैं, और एक भरोसेमंद संदेशवाहक से दूसरे तक एक 'मानव-श्रृंखला' (human chain) के माध्यम से पहुंचाए जाते हैं. ये संदेशवाहक मुख्य सड़कों और अंदरूनी रास्तों से होते हुए कभी कारों में तो कभी मोटरसाइकिलों पर तब तक यात्रा करते हैं, जब तक वे उनके छिपने के स्थान तक पहुंच नहीं जाते हैं.
रिपोर्ट के अनुसार, उनसे मिलने-जुलने पर भी कड़ी पाबंदी है. साथ ही यह भी बताया गया है कि शासन के कई बड़े नेता उनसे दूरी बनाए रखते हैं, ताकि इजरायली खुफिया एजेंसियों को चकमा दिया जा सके. बताया जा रहा है कि वह डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ से घिरे हुए हैं, जो उनकी गंभीर चोटों का इलाज कर रहे हैं. ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन जो पहले एक हार्ट सर्जन थे, माना जाता है कि उनकी देखभाल में शामिल हैं; उनके साथ-साथ स्वास्थ्य मंत्री भी इस काम में लगे हुए हैं.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें