पाकिस्तान के समुद्री इलाके में अचानक लापता हुआ कार्गो विमान, पांच लोग लापता

Pakistan Cargo Plane Missing : पाकिस्तान के कराची तट के पास पांच लोगों वाला कार्गो विमान लापता हो गया. अरब सागर में बड़ा सर्च ऑपरेशन जारी है. विमान शारजाह से कराची जा रहा था.

Written by: Rishabh Kumar Edited by: Rishabh Kumar
Published: July 8, 2026, 8:05 AM IST
  • कराची तट के पास कार्गो विमान अचानक लापता
  • पांच चालक दल सदस्यों की तलाश लगातार जारी
  • अरब सागर में बड़े स्तर पर चल रहा है सर्च अभियान
  • नेविगेशन खराबी के बाद विमान रडार से गायब

Pakistan Cargo Plane Missing: पाकिस्तान के कराची बंदरगाह के पास मंगलवार देर रात एक बड़ा विमान हादसा सामने आया. संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह से कराची आ रहा एक कार्गो विमान अचानक लापता हो गया. विमान में पांच चालक दल के सदस्य सवार थे. अधिकारियों के मुताबिक विमान तेजी से नीचे आया और फिर एयर ट्रैफिक कंट्रोल से उसका संपर्क टूट गया. इसके बाद विमान रडार से भी गायब हो गया, जिससे हड़कंप मच गया.

नेविगेशन सिस्टम में आई थी दिक्कत

पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी ने बताया कि यह बोइंग 737 विमान कराची की निजी कार्गो कंपनी K2 Airways चला रही थी. स्थानीय समय के अनुसार रात 9 बजकर 18 मिनट पर विमान ने नेविगेशन सिस्टम में खराबी की जानकारी दी थी. कुछ मिनट बाद रडार में विमान तेजी से नीचे आता दिखाई दिया और उसने अचानक दिशा भी बदली. रात करीब 9 बजकर 21 मिनट पर कराची से लगभग 287 किलोमीटर पश्चिम में विमान से रेडियो और रडार संपर्क पूरी तरह टूट गया.

अरब सागर में बड़े पैमाने पर तलाश

विमान के गायब होते ही पाकिस्तान ने रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर सक्रिय कर दिया. अरब सागर में बड़े स्तर पर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. पाकिस्तान नौसेना का युद्धपोत PNS Zulfiqar तुरंत उस इलाके की ओर भेजा गया जहां विमान का आखिरी संपर्क मिला था. पाकिस्तान वायुसेना ने भी खोज अभियान के लिए विमान तैनात किए हैं. इसके अलावा नौसेना का ATR विमान और पाकिस्तान नेशनल शिपिंग कॉर्पोरेशन का एक व्यापारी जहाज भी तलाश अभियान में शामिल किया गया है.

APN की एक रिपोर्ट के अनुसार, अभी तक यह साफ नहीं है कि विमान अचानक रडार से कैसे गायब हुआ. उनका कहना है कि यदि किसी विमान का इंजन भी बंद हो जाए तो वह कुछ दूरी तक ग्लाइड करता है. लेकिन इस मामले में विमान बहुत तेजी से नीचे गया, जो सामान्य स्थिति नहीं मानी जा रही. इसलिए हादसे की वजह को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं.

पहले भी हो चुका है बड़ा विमान हादसा

पाकिस्तान में इससे पहले मई 2020 में कराची के पास एक बड़ा विमान हादसा हुआ था, जिसमें 98 लोगों में से लगभग सभी की मौत हो गई थी. उस हादसे की जांच में पायलट, सह-पायलट और एयर ट्रैफिक कंट्रोल की मानवीय गलती को जिम्मेदार बताया गया था. फिलहाल कराची के पास लापता हुए इस कार्गो विमान की तलाश जारी है और अधिकारी उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द ही विमान और उसके चालक दल के बारे में कोई महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकेगी.

Add India.com as a Preferred Source Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें World Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.