
Kajal Kumari
पत्रकारिता में 12 साल से ज्यादा का अनुभव. साल 2009 में पीटीएन न्यूज चैनल से कैरियर की शुरुआत. 2011 से 2014 तक DDNews में कॉपी एडिटर, साल 2016 से 2020 ... और पढ़ें
Imran Khan Attacked Update: पाकिस्तान के पूर्व प्रधान मंत्री इमरान खान पर हुए हमले के बाद उन्हें शौकत खानम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है. गुरुवार को गुजरांवाला में रैली के दौरान अज्ञात हमलावरों ने इमरान खान के काफिले पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं जिसमें पीटीआई के एक कार्यकर्ता की मौत हो गई और 9 लोग घायल हैं. पाकिस्तानी नेताओं, पाकिस्तानी सेना ने इमरान खान पर हमले की निंदा की है, तो वहीं पीएम शहबाज शरीफ ने मामले की पूरी जांच की रिपोर्ट मांगी है.
बता दें कि इस हमले में इमरान खान को पैर में गोली लगी है. पीटीआई महासचिव असद उमर ने गुरुवार को दावा किया कि पार्टी प्रमुख इमरान खान की हत्या की साजिश रची गई थी. एक वीडियो संदेश में, उमर ने कहा कि इमरान खान का मानना है कि उन पर हत्या के प्रयास के पीछे तीन लोग हैं – प्रधान मंत्री शाहबाज शरीफ, गृह मंत्री राणा सनाउल्लाह और मेजर जनरल फैसल.
पाकिस्तान में इमरान खान के समर्थकों के प्रदर्शन को देखते हुए इस्लामाबाद में लॉकडाउन लगा दिया गया है, शैक्षणिक संस्थान बंद कर दिए गए हैं. पूरे देश में गृहयुद्ध जैसे हालात नजर आ रहे हैं. वहीं कहा जा रहा है कि देश की कमान सेना को सौंपी जा सकती है.
इमरान खान पर हमले की घटना के बाद पूरे पाकिस्तान में विरोध प्रदर्शन जारी है. इस घटना को देश के राष्ट्रपति ने “एक जघन्य हत्या का प्रयास” माना है और घटना की निंदा की है.
इमरान खान की आजादी रैली और रैली के दौरान उनपर जानलेवा हमला. इस पूरे घटनाक्रम के बाद से पाकिस्तान में जारी विरोध प्रदर्शन से देश में हालात बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है. यहां तक कि पाकिस्तान में गृहयुद्ध छिड़ने के भी पूरे आसार हैं. जगह-जगह प्रदर्शन और आगजनी हो रही है.
वहीं, शुरुआती जांच में पुलिस को घटनास्थल से 11 गोलियां मिली हैं, जो काफिले पर चलाई गईं थीं. हमलावर पकड़ा गया है और उसने कबूला है कि उसने जान बूझकर इमरान खान पर गोली चलाई, क्योंकि वे लोगों को गुमराह करने का काम कर रहे थे.
पंजाब के मुख्यमंत्री ने कहा-हमले की पूरी जांच होगी
पंजाब के मुख्यमंत्री चौधरी परवेज इलाही ने गुरुवार को पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) को इमरान खान के लॉन्ग मार्च पर हुए हमले की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय संयुक्त जांच दल (जेआईटी) गठित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि आतंकवाद निरोधी विभाग (सीटीडी) को जेआईटी में शामिल किया जाएगा, ताकि हमले के कारणों का पता लगाया जा सके.
मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिरीक्षक को गैर जिम्मेदार पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने गिरफ्तार आरोपियों के वीडियो-लिंक स्टेटमेंट के लीक होने की जांच के आदेश दिए. सभी थाना कर्मचारियों के मोबाइल फोन को जब्त किया गया है और उनका फोरेंसिक ऑडिट किया जाएगा.
जुमे की नमाज के बाद पाकिस्तान में प्रदर्शन तेज.
इमरान खान लाहौर में शाम 4 बजे पीएसटी में मीडिया को संबोधित करेंगे.
पुलिस की रिपोर्ट में कहा गया है कि घटनास्थल से 11 बुलेट खोखे बरामद किए गए हैं, जिनमें पिस्तौल की नौ गोलियां और दो बड़ी बंदूक की गोलियों के खोखे शामिल हैं.
“एक्स-रे और स्कैन के अनुसार, उनके पैरों में बुलेट के टुकड़े पड़े हुए हैं और उनके टिबिया सिन बोन में एक चिप लगी हुई है.”
डॉक्टर यास्मीन राशिद ने आज तड़के कहा कि पार्टी अध्यक्ष इमरान खान के पैर में दो गोलियां लगी हैं. पीटीआई सेंट्रल पंजाब के अध्यक्ष ने लाहौर के शौकत खानम अस्पताल में मीडिया से बात करते हुए कहा कि इमरान खान की मेडिको-लीगल प्रक्रिया पूरी हो चुकी है.
प्रदर्शनकारियों ने इमरान पर हमले के पीछे ISI चीफ मेजर जनरल फैसल का हाथ होने का आरोप लगाया है.
पाकिस्तान के 75 सालों के इतिहास में पहली बार खुफिया एजेंसी ISI के खिलाफ प्रदर्शन देखने को मिला है.
पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के खिलाफ हत्या के प्रयास के कुछ घंटों बाद खैबर पख्तूनख्वा के पेशावर में कोर कमांडर हाउस के सामने लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें World Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें