Pakistan के PM की रेस से हटे नवाज, भाई शहबाज को प्रधानमंत्री पद के लिए किया नामित, मरियम संभालेंगी पंजाब की कमान

Pakistan News Today: पाकिस्तान में चुनाव नतीजे आए चार दिन बीत चुके हैं लेकिन अब तक सरकार का गठन नहीं हो सका है. चुनाव में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलके बाद जोड़-तोड़ की राजनीति शुरू हो चुकी है.

Written by: Parinay Kumar
Updated: February 14, 2024, 1:00 AM IST

Pakistan News Today: पाकिस्तान में आम चुनाव के नतीजे आए चार दिन बीत गए, लेकिन अब तक कोई भी पार्टी बहुमत नहीं जुटा सकी है. सबसे ज्यादा सीटें पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान (Imran Khan) की पार्टी द्वारा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीती हैं. सरकार बनाने के लिए जोड़-तोड़ की राजनीति शुरू हो चुकी है. इन सबके बीच पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ (Nawaz Sharif) ने मंगलवार की रात को बड़ा ऐलान किया. पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PMl-N) प्रमुख नवाज ने छोटे भाई शहबाज शरीफ (Shehbaz Sharif) को प्रधानमंत्री पद के लिए नामित कर दिया. यह जानकारी पार्टी की सूचना सचिव मरियम औरंगजेब के हवाले से दी गई है.

औरंगजेब ने बताया कि इसके अलावा पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने पंजाब प्रांत के मुख्यमंत्री पद के लिए अपनी बेटी मरियम नवाज को नामित किया है. इसकी घोषणा शहबाज ने पहले भी की थी, जब उन्होंने अपने भाई से प्रधानमंत्री पद स्वीकार करने का अनुरोध किया था. शहबाज शरीफ ने मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘मैंने कहा था कि नवाज शरीफ चौथी बार प्रधानमंत्री बनेंगे और मैं आज भी इस बात पर कायम हूं कि वह चौथी बार प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं.’

प्रधानमंत्री पद की दौड़ से हटे बिलावल

इससे पहले पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो-जरदारी के प्रधानमंत्री पद की दौड़ से पीछे हटने का ऐलान किया था. इसके बाद पाकिस्तान मुस्लिम लीग (नवाज) के प्रमुख नवाज शरीफ के चौथी बार देश के प्रधानमंत्री बनने की संभावना मजबूत हो गई थी. तीन प्रमुख दलों-पीएमएल-एन, पीपीपी या पीटीआई में से किसी ने भी 8 फरवरी को हुए आम चुनावों में नेशनल असेंबली में बहुमत हासिल करने के लिए आवश्यक सीटें नहीं जीती हैं. इसलिए, अपने दम पर सरकार बनाने में वे असमर्थ होंगे. बिलावल ने अपनी अध्यक्षता में हुई PPP की उच्चाधिकार प्राप्त केंद्रीय कार्यकारी समिति की बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उनकी पार्टी केंद्र में सरकार बनाने के लिए जनादेश प्राप्त करने में विफल रही. बिलावल (35) ने कहा, ‘इस वजह से मैं खुद को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री पद की दौड़ के लिए आगे नहीं रखूंगा.’

PPP-PMLN की बनेगी सरकार!

इससे पहले शहबाज शरीफ ने कहा कि उन्होंने बिलावल और उनके पिता आसिफ अली जरदारी से बात की है और नवाज शरीफ को समर्थन देने के लिए उन्हें धन्यवाद दिया है. उन्होंने ट्वीट किया, ‘हमें उम्मीद है कि हम साथ मिलकर पाकिस्तान को सभी राजनीतिक और आर्थिक संकटों से बाहर निकालने में सक्षम होंगे, इंशाल्लाह.’ सरकार गठन को लेकर पीएमएल-एन और मुत्ताहिदा कौमी मूवमेंट-पाकिस्तान (एमक्यूएम-पी) ने भी मंगलवार को बैठक की है. दोनों पार्टियां आपसी सहयोग से आगे बढ़ने पर सहमत हुईं और शहबाज शरीफ ने समर्थन के लिए एमक्यूएम-पी को धन्यवाद दिया. एमक्यूएम के संसद में 17 सांसद हैं.

शहबाज ने कहा कि पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ ने PPP के साथ गठबंधन करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद PML-N एकमात्र ऐसी पार्टी रह गई, जिसने पीपीपी को सरकार में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है. इमरान खान ने देश में किसी भी मुख्य राजनीतिक दल के साथ गठबंधन की सरकार बनाने के विचार को खारिज कर दिया और दावा किया कि कालेधन को सफेद बनाने के काम में बड़े पैमाने पर लगे लोगों को सत्ता में लाने के प्रयास किए जा रहे हैं.

सरकार बनाने के लिए कितनी सीटों की जरूरत?

सरकार बनाने के लिए, किसी पार्टी को 266 सदस्यीय नेशनल असेंबली में 133 सीटों की जरूरत है. 8 फरवरी को हुए चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवारों ने 101 सीटें जीती, जिसमें से अधिकतर PTI द्वारा समर्थित उम्मीदवार थे. पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की पार्टी पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) ने 75 सीटें जीती और पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी की पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) ने 54 सीटों पर जीत हासिल की. एमक्यूएम ने 17 सीटों पर जीत हासिल की. इसके अलावा 17 सीटों पर अन्य दलों ने जीत हासिल की. एक निर्वाचन क्षेत्र का परिणाम रोक दिया गया.

संबंधित खबरे

Add India.com as a Preferred Source Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Pakistan की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.