Pakistan News Today: पाकिस्तान में आम चुनाव के नतीजे आए कई दिन बीत जाने के बाद अब सरकार गठन का फॉर्मूला साफ होता नजर आ रहा है. पाकिस्तान मुस्लिम लीग नवाज (PML-N) और बिलावल भुट्टो की पार्टी पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) सरकार गठन को लेकर साथ आने पर राजी हो गए हैं. सरकार गठन में एक फॉर्मूला यह भी तय किया गया है कि PPP का राष्ट्रपति होगा. पार्टी की तरफ से यह साफ कर दिया गया है कि वह आसिफ अली जरदारी को नया राष्ट्रपति बनाने का प्रस्ताव आगे बढ़ा रहे हैं. इससे पहले मंगलवार रात को एक चौंकाने वाला घटनाक्रम सामने आया. पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PMl-N) प्रमुख नवाज शरीफ ने अपने भाई शहबाज शरीफ (Shehbaz Sharif) को प्रधानंत्री पद का उम्मीदवार नामित कर दिया. इसके साथ ही नवाज शरीफ (Nawaz Sharif) ने बेटी मरियम नवाज (Maryam Nawaz) को पाकिस्तान के पंजाब प्रांत का सीएम भी नॉमिनेट किया है.
इससे पहले शहबाज शरीफ ने कहा कि उन्होंने बिलावल और उनके पिता आसिफ अली जरदारी से बात की है और नवाज शरीफ को समर्थन देने के लिए उन्हें धन्यवाद दिया है. उन्होंने ट्वीट किया, ‘हमें उम्मीद है कि हम साथ मिलकर पाकिस्तान को सभी राजनीतिक और आर्थिक संकटों से बाहर निकालने में सक्षम होंगे, इंशाल्लाह.’ सरकार गठन को लेकर पीएमएल-एन और मुत्ताहिदा कौमी मूवमेंट-पाकिस्तान (एमक्यूएम-पी) ने भी मंगलवार को बैठक की है. दोनों पार्टियां आपसी सहयोग से आगे बढ़ने पर सहमत हुईं और शहबाज शरीफ ने समर्थन के लिए एमक्यूएम-पी को धन्यवाद दिया. एमक्यूएम के संसद में 17 सांसद हैं. शहबाज ने कहा कि पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ ने PPP के साथ गठबंधन करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद PML-N एकमात्र ऐसी पार्टी रह गई, जिसने पीपीपी को सरकार में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है.
इससे पहले पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो-जरदारी के प्रधानमंत्री पद की दौड़ से पीछे हटने का ऐलान किया था. बिलावल ने अपनी अध्यक्षता में हुई PPP की उच्चाधिकार प्राप्त केंद्रीय कार्यकारी समिति की बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उनकी पार्टी केंद्र में सरकार बनाने के लिए जनादेश प्राप्त करने में विफल रही. बिलावल (35) ने कहा, ‘इस वजह से मैं खुद को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री पद की दौड़ के लिए आगे नहीं रखूंगा.’
सरकार बनाने के लिए, किसी पार्टी को 266 सदस्यीय नेशनल असेंबली में 133 सीटों की जरूरत है. 8 फरवरी को हुए चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवारों ने 101 सीटें जीती, जिसमें से अधिकतर PTI द्वारा समर्थित उम्मीदवार थे. पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की पार्टी पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) ने 75 सीटें जीती और पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी की पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) ने 54 सीटों पर जीत हासिल की. एमक्यूएम ने 17 सीटों पर जीत हासिल की. इसके अलावा 17 सीटों पर अन्य दलों ने जीत हासिल की. एक निर्वाचन क्षेत्र का परिणाम रोक दिया गया.
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.