Rawalpindi: आर्थिक तंगी से जूझ रहे भारत के पड़ोसी देश पाकिस्तान से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. रावलपिंडी में महज एक चॉकलेट चोरी करने के आरोप में कथित तौर पर 13 वर्षीय घरेलू सहायिका को मौत के घाट उतार दिया गया. इस दिल दहला देने वाले अपराध के बाद से रावलपिंडी में आक्रोश है, लोग आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं. प्राप्त जानकारी के मुताबिक मृतका की पहचान इकरा के तौर पर हुई है, जिसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई. उसके मालिकों ने चॉकलेट चोरी का आरोप लगाकर उसे इतना प्रताड़ित किया कि उसने अस्पताल में दम तोड़ दिया.
#JusticeforIqra हुआ ट्रेंड
इस घटना के बाद पूरे देश में गुस्से की लहर दौड़ गई है और सोशल मीडिया पर #JusticeforIqra ट्रेंड कर रहा है. इकरा एक गरीब किसान सना उल्लाह की बेटी थी, जिसने महज 8 साल की उम्र में घरेलू काम करना शुरू कर दिया था. परिवार की आर्थिक तंगी के चलते उसे स्कूल भेजने की बजाय काम पर लगाना पड़ा. पिछले दो साल से वह राशिद शफीक और उनकी पत्नी सना के घर में काम कर रही थी, जहां उसे सिर्फ 28 डॉलर (करीब 2300 रुपये) महीने की तनख्वाह मिलती थी. 13 वर्षीय बच्ची इकरा की मौत ने पाकिस्तान में बाल श्रम और घरेलू कामगारों पर होने वाले अत्याचार को फिर से सुर्खियों में ला दिया है.
बेरहमी से दी गई यातनाएं
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, इकरा को चोरी का आरोप लगाकर बेरहमी से पीटा गया. उसके शरीर पर हड्डियों के कई फ्रैक्चर, सिर पर गंभीर चोट और गहरे जख्म पाए गए हैं. जब उसकी हालत बेहद खराब हो गई, तो घर में काम करने वाली कुरान टीचर उसे अस्पताल छोड़कर चली गईं. उन्होंने अस्पताल स्टाफ से झूठ बोला कि इकरा के माता-पिता अब इस दुनिया में नहीं हैं. पुलिस ने इक़रा के मालिक राशिद शफीक, उसकी पत्नी सना और कुरान टीचर को गिरफ्तार कर लिया है. प्राथमिक जांच में पता चला है कि इकरा के साथ लंबे समय से दुर्व्यवहार किया जा रहा था. उसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत की असल वजह का पता चलेगा.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Pakistan की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.