By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
- Hindi
- World Hindi
- Pakistani Popcorn Seller Mohammad Fayyaz Who Built His Own Plane And Caught The Attention Of Pakistan Air Force
पाकिस्तानी पॉपकॉर्न बेचने वाले ने बनाया प्लेन, पाक एयरफोर्स ने की तारीफ
मुहम्मद फैय्याज ने अपने विमान से उड़ान भरी, वायु सेना ने भी उसके दावे को गंभीरता से लिया है
ताबुर (पाकिस्तान): कहते हैं जब कुछ कर गुजरने का जज्बा हो तो हौसलों को भी पंख लगने में देर नहीं लगती. इस बात को सच कर दिखाया है पाकिस्तान में पॉपकॉर्न बेचने वाले एक व्यक्ति ने. उसने रोडकटर के इंजन, रिक्शे के पहियों से अपना खुद का एक विमान बनाया है, जिसने उसे देश का हीरो बना दिया है और खुद पाकिस्तान वायु सेना ने उसकी तारीफ में कसीदे पढ़े हैं. मुहम्मद फैय्याज की इस कहानी ने देश के लाखों लोगों का दिल जीत लिया है. ऐसे देश में जहां उसके जैसे लोगों की शिक्षा तक पहुंच बहुत कम है और वे अवसरों के लिए संघर्ष कर रहे हैं वहां फैयाज की यह सफलता उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है. फैयाज ने अपनी पहली उड़ान के बारे में कहा, मैं सचमुच हवा में था. मुझे कुछ और महसूस ही नहीं हो रहा था. फैयाज ने टीवी क्लिप्स और ऑनलाइन ब्लूप्रिंट देखकर विमान बनाना सीखा.
घर के बरामदे में खड़े विमान को देखने उमड़े लोग
पाकिस्तान में वैज्ञानिक चमत्कार की कई कहानियां रहीं है. 2012 में एक इंजीनियर ने कहा था कि उन्होंने एक ऐसी कार का आविष्कार किया है, जो पानी में भी चल सकती है. हालांकि, बाद में वैज्ञानिकों ने उसकी कहानी का पर्दाफाश कर दिया था. लेकिन फैय्याज ने जोर दिया कि उसने उड़ान भरी और वायु सेना ने भी उसके दावे को गंभीरता से लिया है. वायु सेना के प्रतिनिधि कई बार उससे मिलने आ चुके हैं और यहां तक कि उन्होंने उसके काम की प्रशंसा करते हुए एक सर्टिफिकेट भी दिया है. मध्य पंजाब प्रांत के ताबुर गांव में तीन कमरे के उसके घर के बरामदे में खड़े विमान को देखने के लिए लोगों का तांता लगा हुआ है.
स्कूल की पढ़ाई छोड़नी पड़ी, लेकिन सपनों को पंख लगा दिए
32 वर्षीय फैय्याज ने कहा कि बचपन से ही उसका सपना वायु सेना में शामिल होने का था, लेकिन पिता की मृत्यु के बाद उसे स्कूल की पढ़ाई छोड़नी पड़ी और अपनी मां और पांच छोटे भाई-बहनों का पेट भरने के लिए काम करना पड़ा. इन सबके बावजूद विमान उड़ाने का उसका जुनून बरकरार रहा और आखिरकार उसने अपने सपनों को पंख लगा दिए.
पॉपकॉर्न बेचकर और गार्ड की नौकरी से बचाए पैसे
फैय्याज ने अपना सपना पूरा करने के लिए दिन में पॉपकॉर्न बेचकर और रात में सुरक्षा गार्ड की नौकरी करके एक-एक पाई बचाई. उसने नेशनल जियोग्राफिक चैनल के एयर क्रैश इन्वेस्टिगेशन के एपिसोड देखकर विमान बनाने की जानकारी जुटाई. फैयाज ने दावा किया कि उसके दोस्तों ने एक छोटी-सी सड़क को अवरुद्ध करने में उसकी मदद की जिसका इस्तेमाल फरवरी में उसने विमान उड़ाने की पहली कोशिश में रनवे के रूप में किया.
पुलिस ने गिरफ्तार किया, कोर्ट ने तीन हजार जुर्माना लगाया
फैय्याज ने गांववालों के सामने अपने इस कारनामे का प्रदर्शन करने के लिए 23 मार्च पाकिस्तान दिवस का दिन चुना. लेकिन फैय्याज विमान उड़ा पाता उससे पहले पुलिस वहां पहुंच गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया और उसका विमान जब्त कर लिया गया. फैय्याज ने कहा, ”मुझे लगा जैसे मैंने दुनिया का सबसे खराब गुनाह किया हो. मुझे अपराधियों के साथ बंद करके रखा गया.” अदालत ने उसे 3,000 रुपये का जुर्माना लगाकर रिहा कर दिया.
पुलिस ने प्लेन लौटाया, सोशल मीडिया में बना हीरो
स्थानीय पुलिस थाने के अधिकारियों से बात करने पर उन्होंने बताया कि उन्होंने फैय्याज को इसलिए गिरफ्तार किया था, क्योंकि उसका विमान सुरक्षा के लिहाज से खतरा था. अधिकारी जफर इकबाल ने कहा, विमान उसे लौटा दिया गया. फैय्याज को सोशल मीडिया पर काफी ख्याति मिल रही है उसे देशवासी हीरो और प्रेरणा बता रहे हैं.
Also Read:
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Viral की और अन्य ताजा-तरीन खबरें