US-Iran Peace Deal Update: ट्रंप का दावा- अमेरिका और ईरान ने साइन कर ली पीस डील, 19 जून से सबके लिए खुल जाएगा होर्मुज
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फ्रांस के नीस शहर में G7 समिट के दौरान फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से बीतचीत के दौरान ये बयान दिया. ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ बातचीत अच्छी रही, लेकिन बीच में अमेरिका को दो रात सैन्य कार्रवाई करनी पड़ी.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लेबनान पर हमले के लिए इजरायल की भी आलोचना की है. (ANI)
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान जंग को लेकर रोज अपने बयान बदल रहे हैं और नए-नए दावे लेकर आ रहे हैं. सोमवार (15 जून) को ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ शांति समझौते पर पूरी तरह साइन हो चुके हैं. इसके बाद हॉर्मुज स्ट्रेट पार्शियली खुल चुका है. 19 जून तक इसे सबके लिए पूरी तरह खोल दिया जाएगा. इससे पहले अमेरिका-ईरान पीस डील पर 19 जून को साइन होने की खबर आ रही थी. ट्रंप के नए दावे पर अभी तक ईरान की तरफ से कोई बयान नहीं आया है. इजरायल ने भी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फ्रांस के नीस शहर में G7 समिट के दौरान फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से बीतचीत के दौरान ये बयान दिया. ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ बातचीत अच्छी रही, लेकिन बीच में अमेरिका को दो रात सैन्य कार्रवाई करनी पड़ी. अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, “हमारी ईरान के साथ बहुत अच्छी बन रही थी. मुझे दुख हुआ कि हमें दो रात के लिए वापस जाकर हमला करना पड़ा.”
ट्रंप बोले- ईरान के पास नहीं होंगे न्यूक्लियर हथियार
ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ हुए समझौते का सबसे अहम हिस्सा यह है कि तेहरान परमाणु हथियार विकसित नहीं करेगा. उन्होंने इस पर सहमति दी है. ट्रंप ने बताया कि समझौते को लागू कराने के लिए सख्त निगरानी व्यवस्था होगी. इसके जरिए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि ईरान समझौते की शर्तों का पालन करे. उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे दोनों देशों के रिश्तों में सुधार होगा. हालांकि, ट्रंप ने चेतावनी भी दी कि अगर समझौता सफल नहीं रहा तो हालात फिर पहले जैसे हो सकते हैं.
PM मोदी मेरे फेवरेट, हमारे बीच बहुत अच्छी अंडरस्टैंडिंग… भारत के साथ ट्रेड डील से पहले बोले ट्रंप
हॉर्मुज से कुछ तेल टैंकरों की आवाजाही शुरू-ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि हॉर्मुज स्ट्रेट से कुछ तेल टैंकरों का निकलना शुरू हो गया है. ईरान के साथ समझौते की घोषणा के बाद कई जहाज तेल लेकर इस अहम समुद्री मार्ग से आगे बढ़ रहे हैं. ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, “कई जहाज, जो तेल से लदे हुए हैं, हॉर्मुज से निकलना शुरू कर चुके हैं. 19 जून 2026 से होर्मुज सबके लिए खुल जाएगा.”
लेबनान पर इजराइल के हमले को ठहराया गलत
ट्रंप ने लेबनान के बेरूत पर इजरायली हमले की आलोचना भी की है. उन्होंने कहा कि यह हमला ऐसे समय हुआ, जब अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति समझौता बेहद करीब है. ट्रंप ने यहां तक कहा कि लेबनान पर इजरायली हमलों की वजह से ईरान के साथ पीस डील की साइनिंग कुछ घंटों के लिए टल गई.
इजरायल ने कहा- लेबनान से पीछे नहीं हटेगी हमारी सेना
इस बीच इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने कहा है कि उनकी सेना दक्षिणी लेबनान से पीछे नहीं हटेगी. उन्होंने कहा कि लेबनान, सीरिया और गाजा में बनाए गए सुरक्षा क्षेत्रों में इजरायली सेना अनिश्चितकाल तक तैनात रहेगी. काट्ज ने कहा कि प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी सरकार की नीति स्पष्ट है. सेना इन इलाकों में बनी रहेगी, ताकि इजरायल की सीमाओं और वहां रहने वाले लोगों को जिहादी गुटों से सुरक्षित रखा जा सके.
क्या अब सच में खत्म हो जाएगी जंग?
विशेषज्ञों का मानना है कि यह समझौता युद्ध खत्म होने की दिशा में बड़ा कदम जरूर है, लेकिन इसे अंतिम समाधान नहीं माना जा सकता. परमाणु कार्यक्रम, प्रतिबंधों में ढील और क्षेत्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दे अभी भी विवाद का कारण बने हुए हैं. अगर अगले 60 दिनों की बातचीत सफल रहती है, तभी यह अस्थायी समझौता स्थायी शांति में बदल पाएगा. फिलहाल इतना तय है कि 105 दिनों से जारी संघर्ष के बाद अमेरिका, ईरान और पूरी दुनिया को राहत की एक बड़ी उम्मीद जरूर दिखाई दी है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें