सड़कों में दरारें, इमारतें ढहीं और 41 मौतें... फिलीपींस में भूकंप से मची तबाही का खतरनाक मंजर; देखें VIDEO
Philippines Earthquake: फिलीपींस में 7.8 तीव्रता के भूकंप से 40 से ज्यादा मौतें हुईं. सैकड़ों घायल हैं, अस्पताल क्षतिग्रस्त हुए, भूस्खलन बढ़ा और सुनामी अलर्ट के बीच राहत कार्य जारी है.
फिलीपींस में भूकंप से मची तबाही का खतरनाक मंजर (Image: AI)
Philippines Earthquake: फिलीपींस में बीते सोमवार (8 जून, 2026) को मिंडानाओ द्वीप के तट पर जोरदार भूकंप आया. रिएक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 7.8 दर्ज की गई. तेज झटकों की वजह से यहां बहुमंजिला इमारतें ताश के पत्तों की तरह ढह गई और सड़कों में दरारें आ गई. अब भूकंप की वजह से मरने वालों 40 पार पहुंच गए हैं. यहां के प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में सुनामी की गंभीर चेतावनी जारी की है, जिसकी वजह से लाखों लोग डर के साये में जी रहे हैं.
फिलीपींस की स्थानीय एजेंसियों के अनुसार, इस आपदा में अबतक 450 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि हजारों लोग बेघर हो चुके हैं. यहां के सारंगानी प्रांत के कई इलाके मुख्य मार्ग से पूरी तरह से कट चुके हैं. अब इन जगहों पर सिर्फ हेलीकॉप्टर से पहुंचा जा सकता है. आफ्टरशॉक्स की वजह से इन इलाकों में बचाव कार्य में बड़ी बाधा का सामना करना पड़ रहा है.
धूप में इलाज, अस्पतालों से बाहर मरीज
भूकंप के बाद सबसे ज्यादा असर स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ा है. जनरल सैंटोस और आसपास के इलाकों में कई अस्पतालों की इमारतें क्षतिग्रस्त हो गई हैं. हालात ऐसे हैं कि डॉक्टरों को मरीजों का इलाज खुले मैदान और अस्थायी टेंटों में करना पड़ रहा है. सारंगानी प्रांतीय अस्पताल की दीवारों में बड़ी दरारें आने के बाद इमारत को असुरक्षित घोषित कर दिया गया है. इसी वजह से सैकड़ों मरीजों के बेड अस्पताल के बाहर लगाए गए हैं.
तबाही के बीच गूंजी नवजात की किलकारी
इस मुश्किल समय में एक भावुक कर देने वाली घटना भी सामने आई. जनरल सैंटोस के एक अस्पताल के बाहर अस्थायी व्यवस्था के बीच एक महिला ने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया. चारों तरफ मलबा और अफरा-तफरी के माहौल में नवजात की किलकारी ने लोगों के चेहरों पर मुस्कान ला दी. वहीं ग्लान नगर पालिका के एक अस्पताल से 60 से ज्यादा मरीजों को एहतियात के तौर पर बाहर शिफ्ट किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.
भूस्खलन से बढ़ी मुश्किलें, मलबे में तलाश जारी
7.8 तीव्रता के भूकंप के बाद कई पहाड़ी इलाकों में बड़े भूस्खलन हुए हैं. ग्लान क्षेत्र में हुए भूस्खलन में कम से कम 13 लोग अपने घरों में ही दब गए. बचाव दल खोजी कुत्तों और आधुनिक उपकरणों की मदद से लोगों को तलाशने में जुटे हैं. जनरल सैंटोस में एक ढही हुई दुकान के मलबे में भी लापता लोगों की खोज जारी है. वहीं समुद्र में लापता हुए दो लोगों की तलाश कोस्ट गार्ड कर रहा है.
वायरल वीडियो और सुनामी का डर
भूकंप के कई डरावने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. एक वीडियो में बहुमंजिला इमारत कुछ ही सेकंड में गिरती दिखाई देती है. दूसरे वीडियो में स्कूल के बच्चे डर के मारे शिक्षकों से लिपटे नजर आते हैं. भूकंप के बाद फिलीपींस, इंडोनेशिया और जापान समेत कई देशों में सुनामी का अलर्ट जारी किया गया था. हालांकि बाद में खतरा कम होने पर चेतावनी वापस ले ली गई और किसी बड़े सुनामी नुकसान की खबर नहीं मिली.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें