PM मोदी आज यूएस के टॉप-5 सीईओ के साथ भारत में कारोबारी अवसरों पर करेंगे चर्चा

पीएम नरेंद्र मोदी जिन पांच सीईओ से मुलाकात करेंगे, उनमें दो भारतीय मूल के अमेरिकी हैं - एडोब के शांतनु नारायण और जनरल एटॉमिक्स के विवेक लाल. अन्य तीन सीईओ- क्वालकॉम के क्रिस्टियानो ई आमोन, फर्स्ट सोलर के मार्क विडमार और ब्लैकस्टोन के स्टीफन ए श्वार्जमैन हैं

Published: September 23, 2021, 11:27 AM IST

वॉशिंगटन: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने कहा कि वह अमेरिका के 5 मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) के साथ बैठक के दौरान भारत में आर्थिक अवसरों को रेखांकित करेंगे. पीएम मोदी आज गुरुवार को अमेरिका के शीर्ष पांच सीईओ के साथ सीधी बैठक करने वाले हैं. इन सीईओ में दो भारतीय मूल के अमेरिकी हैं – एडोब के शांतनु नारायण और जनरल एटॉमिक्स के विवेक लाल. इसके अलावा अन्य तीन सीईओ- क्वालकॉम के क्रिस्टियानो ई आमोन, फर्स्ट सोलर के मार्क विडमार और ब्लैकस्टोन के स्टीफन ए श्वार्जमैन हैं.

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी क्वाड के नेताओं के शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने और संयुक्त राष्ट्र महासभा के 76वें सत्र को संबोधित करने के लिए अमेरिका पहुंच गए हैं. मोदी 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद सातवीं बार अमेरिका यात्रा पर आए हैं. उन्होंने कहा कि उनकी यात्रा भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने तथा जापान और ऑस्ट्रेलिया के साथ संबंधों को मजबूत करने का एक अवसर होगा.

इससे पहले मोदी ने बुधवार को कहा कि उनका अमेरिका दौरा भारत-अमेरिकी वैश्विक व्यापक रणनीतिक साझेदारी को मजबूती देने, जापान और ऑस्ट्रेलिया के साथ संबंधों को प्रगाढ़ बनाने और महत्वपूर्ण वैश्विक मुद्दों पर आपसी सहयोग को आगे बढ़ाने का एक मौका होगा. पांच अलग-अलग प्रमुख क्षेत्रों के अमेरिकी सीईओ के साथ प्रधानमंत्री की बैठक उनकी सरकार की प्राथमिकताओं को दर्शाती है.

नारायण के साथ बैठक आईटी और डिजिटल प्राथमिकता को दर्शाती है, जिस पर भारत सरकार जोर दे रही है। मोदी की लाल के साथ बैठक इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि जनरल एटॉमिक्स सैन्य ड्रोन प्रौद्योगिकी में अग्रणी है. भारत अपने सशस्त्र बलों की तीनों शाखाओं के लिए महत्वपूर्ण संख्या में ड्रोन खरीदने की प्रक्रिया में है. देश ने जनरल एटॉमिक्स से कुछ ड्रोन लीज पर लिए हैं.

5जी तकनीक को सुरक्षित बनाने के लिए चिप दिग्गज क्रिस्टियानो अमोन के साथ बैठक महत्वपूर्ण है. इस यात्रा में मोदी कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन सहित विश्व के अन्य नेताओं के साथ वार्ता करेंगे और संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) को संबोधित भी करेंगे.

प्रधानमंत्री तीन दिन की यात्रा पर अमेरिका आए हैं. मोदी 23 सितंबर को अमेरिका की उप राष्ट्रपति कमला हैरिस से मुलाकात करेंगे. राष्ट्रपति बाइडन 24 सितंबर को व्हाइट हाउस में मोदी की मेजबानी करेंगे. बाद में उसी दिन क्वाड समूह के नेताओं की बैठक होगी.

उल्लेखनीय है कि क्वाड समूह में अमेरिका, भारत, आस्ट्रेलिया और जापान शामिल हैं. अमेरिका क्वाड समूह की मेजबानी कर रहा है, जिसमें समूह के नेता हिस्सा लेंगे. इसके जरिये अमेरिका हिन्द प्रशांत क्षेत्र में सहयोग और समूह के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करने का मजबूत संकेत देना चाहता है.

मोदी शनिवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा के 76वें सत्र को संबोधित करने के साथ ही अपनी अमेरिकी यात्रा सम्पन्न करेंगे. इस दौरान वह कोविड-19 वैश्विक महामारी, आतंकवाद से निपटने की आवश्यकता, जलवायु परिवर्तन और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों सहित वैश्विक चुनौतियों की ओर ध्यान आकर्षित करेंगे.

संबंधित खबरे

Add India.com as a Preferred Source Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.