
Gaurav Barar
गौरव बरार (Gaurav Barar) एक अनुभवी पत्रकार और कंटेंट विशेषज्ञ हैं जिनके पास 10 साल से ज्यादा का अनुभव है. वर्तमान में, इंडिया.कॉम में बतौर चीफ सब एडिटर अपनी सेवाएं ... और पढ़ें
Donald Trump News: डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ले ली है. इसके तुरंत बाद अपने पहले भाषण में पूर्ववर्ती राष्ट्रपति जो बाइडेन और उनकी सरकार की जमकर आलोचना की. इसके साथ ही उन्होंने कई अहम फैसलों की भी घोषणा की.
ट्रंप ने संसद परिसर में कैपिटल रोटुंडा में अपने भाषण में कहा कि आज से अमेरिका के “स्वर्णिम युग” की शुरुआत हो रही है. उन्होंने कहा कि वह दुनिया में अमेरिका के खोए हुए मान-सम्मान को दोबारा स्थापित करेंगे. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार आंतरिक और बाहरी चुनौतियों से निपटने में नाकाम रही थी.
उन्होंने कहा कि उसने दूसरे देशों की सीमाओं को सुरक्षित करने के लिए वित्तीय मदद की लेकिन अपनी सीमाओं को सुरक्षित करने में नाकाम रही. मुद्रास्फीति संकट बड़े पैमाने पर अधिक खर्च और ऊर्जा की बढ़ती कीमतों के कारण हुआ था और इसलिए आज मैं राष्ट्रीय ऊर्जा आपातकाल की भी घोषणा करूंगा.
इसके अलावा डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका की दक्षिणी सीमा पर घुसपैठ को रोकने के लिए आपातकाल की घोषणा करते हुए सेना भेजने की बात कही. उन्होंने पद संभालने के बाद जिन अहम निर्णयों की घोषणा की उनमें कुछ प्रमुख फैसले इस प्रकार हैं-
1. इस सप्ताह, मैं उन सभी सैन्यकर्मियों को बहाल करूंगा, जिन्हें कोविड वैक्सीन अनिवार्यता पर आपत्ति जताने के कारण हमारी सेना से अन्यायपूर्ण तरीके से निष्कासित कर दिया गया था, उन्हें पूरा वेतन दिया जाएगा और मैं हमारे योद्धाओं को ड्यूटी के दौरान कट्टरपंथी राजनीतिक सिद्धांतों और सामाजिक प्रयोगों के अधीन होने से रोकने के लिए एक आदेश पर हस्ताक्षर करूंगा. यह तुरंत समाप्त होने जा रहा है. हमारे सशस्त्र बलों को अमेरिका के दुश्मनों को हराने के अपने एकमात्र मिशन पर ध्यान केंद्रित करने के लिए स्वतंत्र किया जाएगा.
2. स्वतंत्र अभिव्यक्ति को प्रतिबंधित करने के लिए वर्षों से अवैध और असंवैधानिक संघीय प्रयासों के बाद, मैं सभी सरकारी सेंसरशिप को तुरंत रोकने और अमेरिका में स्वतंत्र अभिव्यक्ति को वापस बहाल करने के लिए एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर करूंगा. सरकार की अपार शक्ति को फिर कभी राजनीतिक विरोधियों को सताने के लिए हथियार नहीं बनाया जाएगा. ऐसा दोबारा नहीं होगा. इस सप्ताह, मैं सार्वजनिक और निजी जीवन के हर पहलू में जाति और लिंग को सामाजिक रूप से शामिल करने की सरकारी नीति को भी समाप्त कर दूंगा.
3. अमेरिका एक बार फिर विनिर्माण राष्ट्र बन जाएगा और हमारे पास कुछ ऐसा है जो किसी अन्य विनिर्माण राष्ट्र के पास कभी नहीं होगा. पृथ्वी पर किसी भी देश की तुलना में सबसे अधिक मात्रा में तेल और गैस और हम इसका उपयोग करने जा रहे हैं. हम कीमतें नीचे लाएंगे, अपने रणनीतिक भंडार को फिर से ऊपर तक भरेंगे, और पूरी दुनिया में अमेरिकी ऊर्जा का निर्यात करेंगे.
4. सभी अवैध प्रवेश तुरंत रोक दिए जाएंगे. हम लाखों-करोड़ों आपराधिक विदेशियों को उनके स्थानों पर वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू करेंगे, जहां से वे आए थे. हम उन्हें ‘मेक्सिको में ही रहने’ की नीति को फिर से लागू करेंगे. मैं “पकड़ो और छोड़ो” की प्रथा को समाप्त करूंगा, और अपने देश पर विनाशकारी आक्रमण को रोकने के लिए दक्षिणी सीमा पर सेना भेजूंगा.
5. पनामा ने हमसे जो वादा किया था, उसे तोड़ दिया है. हमारे सौदे के उद्देश्य और हमारी संधि की भावना का पूरी तरह से उल्लंघन किया गया है. अमेरिकी जहाजों से बहुत अधिक शुल्क लिया जा रहा है और किसी भी तरह से, आकार या रूप में उनके साथ उचित व्यवहार नहीं किया जा रहा है और इसमें अमेरिका की नौसेना भी शामिल है. और सबसे बढ़कर, चीन पनामा नहर का संचालन कर रहा है. हमने इसे चीन को नहीं दिया, हमने इसे पनामा को दिया, और हम इसे वापस ले रहे हैं.
6. अमेरिका पृथ्वी पर सबसे महान, सबसे शक्तिशाली और सबसे सम्मानित राष्ट्र के रूप में अपना उचित स्थान पुनः प्राप्त करेगा, जिससे पूरी दुनिया में विस्मय और प्रशंसा की भावना पैदा होगी. अब से कुछ ही समय बाद, हम मेक्सिको की खाड़ी का नाम बदलकर अमेरिका की खाड़ी करने जा रहे हैं. ट्रंप ने उम्मीद जताई कि पिछले साल हुए राष्ट्रपति चुनाव को देश के इतिहास में सबसे महान और सबसे महत्वपूर्ण चुनाव के रूप में याद किया जाएगा.
7. डोनाल्ड ट्रंप ने जलवायु परिवर्तन पर महत्वाकांक्षी पेरिस समझौते से भी हटने का फैसला किया है. ट्रंप ने सोमवार को एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए, जो उनके चुनावी वादे को पूरा करता है. ट्रंप ने कहा, ‘मैं अनुचित एकतरफा पेरिस जलवायु समझौते से तुरंत हट रहा हूं.’
8. राष्ट्रपति ट्रंप ने ब्रिक्स देशों के समूह को धमकी दी है और कहा है कि अगर ये समूह अमेरिका विरोधी नीतियां लाता है तो उन्हें भी परिणाम भुगतना पड़ेगा और वे खुश नहीं रह पाएंगे. गौरतलब है कि ब्रिक्स में भारत भी शामिल है. ट्रंप पहले ब्रिक्स की ओर से एक अलग करेंसी लाने का विरोध कर चुके हैं.
9. राष्ट्रपति ट्रंप ने अमेरिकी समाज पर व्यापक असर डालने वाले एक फैसले के तहत देश में थर्ड जेंडर का कॉन्सेप्ट ही खत्म कर दिया है. उन्होंने कहा है कि देश में सिर्फ दो ही जेंडर होंगे स्त्री और पुरुष. इस वजह से अमेरिका में थर्ड जेंडर को मिलने वाली सुविधाएं खत्म हो जाएंगी.
10. राष्ट्रपति ट्रम्प ने कार्यभार संभालते ही चीन से रिश्ते सुधारने की पहल की है. उन्होंने शॉर्ट शेयरिंग वीडियो प्लेटफॉर्म टिकटॉक को 75 दिनों की मोहलत दी है. इस बीच टिकटॉक को अमेरिकी नियमों का पालन करने के लिए जरूरी उपाय करने होंगे.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें World Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.