Saudi Arabia Snowfall Heavy Rain Cold Wave In Desert Due To Climate Change
कुदरत का करिश्मा! सऊदी के रेगिस्तान ने ओढ़ी बर्फ की सफेद चादर, जानें क्यों अचानक हुई बर्फबारी
Saudi Arabia Snowfall: सऊदी अरब में अचानक बढ़ती ठंड और बर्फबारी ने सबको चौंका दिया. आइए खबर में जानते हैं ये बदलाव किस कारण हुआ और क्या इससे सतर्क रहने की जरूरत है?
सऊदी अरब का ख्याल आते ही हमारे दिमाग में तेज धूप, रेगिस्तान और बहुत गर्मी वाले मौसम की तस्वीर बनती है. लेकिन इस बार सर्दियों में जो हुआ, उसने सबको हैरान कर दिया है. यहां कई हिस्सों में अचानक ठंड बढ़ने के साथ तेज बारिश हुई और कुछ इलाकों में तो बर्फबारी तक देखने को मिली. यह नजारा जितना रोमांचक था, उतना ही सावधानी भरा भी. सड़कों पर फिसलन देखने को मिली, ठंडी हवाएं और बदलते मौसम ने जनजीवन को प्रभावित किया.
रेगिस्तान में बर्फबारी ने सबको हैरान किया
उत्तरी सऊदी अरब के तबूक प्रांत में स्थित पहाड़ी इलाकों में बर्फ की चादर बिछ गई. जेबेल अल-लॉज की ऊंची चोटियां, जो करीब 2,600 मीटर ऊंची हैं, पूरी तरह सफेद नजर आईं. ट्रोजेना जैसे इलाकों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी हुई, जिसने रेगिस्तान की तस्वीर ही बदल दी. हाइल क्षेत्र और हाइल शहर के आसपास भी बर्फ गिरने की खबरें आईं, जो सऊदी अरब में बहुत ही दुर्लभ है. कई जगहों पर सुबह-सुबह तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया, जिससे ऊंचे इलाकों में बर्फ जमने लगी.
तेज बारिश और बर्फबारी से जनजीवन पर असर
इस ठंडे दौर के साथ कई इलाकों में हल्की से लेकर तेज बारिश भी दर्ज की गई. बिर बिन हरमस, अल-ऐनाह, अम्मार, अल-उला, शकरा और उसके आसपास के क्षेत्रों में बारिश हुई. वहीं रियाद, कसीम और पूर्वी हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश देखने को मिली. अचानक बदले मौसम की वजह से सड़कों पर पानी भर गया और लोगों को यात्रा में दिक्कतें आईं. प्रशासन ने लोगों से अपील की कि वे गाड़ी सावधानी से चलाएं और उन घाटियों से दूर रहें जहां बाढ़ का खतरा हो सकता है.
अचानक मौसम क्यों बदला?
राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, यह सब एक ठंडी हवा के बड़े झोंके या यू कहें जलवायु परिवर्तन की वजह से हुआ. इस ठंडी हवा ने बारिश लाने वाले बादलों के साथ मिलकर बर्फबारी और ठंड को जन्म दिया. मौसम विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि आने वाले दिनों में भी तापमान कम रह सकता है. एहतियात के तौर पर राजधानी रियाद में स्कूलों को कुछ समय के लिए ऑनलाइन मोड में ही चलेंगे.
क्या जलवायु परिवर्तन वजह है?
सोशल मीडिया पर जब बर्फ से ढके सऊदी पहाड़ों की तस्वीरें सामने आईं, तो लोग इन्हें देखने उमड़ पड़े. दुनिया भर में अचानक बदलता मौसम, अब आम होता जा रहा है. कहीं रिकॉर्ड तोड़ गर्मी, तो कहीं बाढ़ और कहीं रेगिस्तान में बर्फ – ये सब जलवायु परिवर्तन (Climate Change) के संकेत हैं. सऊदी अरब के रेगिस्तान में हुई यह बर्फबारी हमें याद दिलाती है कि प्रकृति के नियम धीरे-धीरे बदल रहें हैं और हमें इन सबके लिए तैयार रहना होगा.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें World Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.