ज्वालामुखी के किनारे स्टंट करना पड़ा भारी, मौत के मुंह में जा गिरा शख्स, कैमरे में कैद हुआ हादसा

Written By: Gargi Santosh Updated by: Gargi Santosh
Updated Date:June 14, 2026 11:44 PM IST

बिना सुरक्षा उपकरण खतरनाक चढ़ाई कर रहे स्पाइडर-मैन ऑफ यमन के साथ दर्दनाक हादसा हो गया. किसी को नहीं पता था कि यह उनका आखिरी स्टंट होगा.

यमन के मशहूर एडवेंचर प्रेमी और सोशल मीडिया पर स्पाइडर-मैन ऑफ यमन (Spider-Man Of Yemen) के नाम से पहचान बनाने वाले अल-काका इब्न अंतर की मौत हो गई. 30 वर्षीय अंतर बिना किसी सुरक्षा उपकरण के ऊंची और खड़ी चट्टानों पर चढ़ने के लिए जाने जाते थे. शुक्रवार को वह दक्षिणी यमन के धाले प्रांत में स्थित हारदाह डैम ज्वालामुखीय क्रेटर की दीवार पर चढ़ाई कर रहे थे, तभी उनका बैलेंस बिगड़ा और वह सीधे गहरे क्रेटर में जा गिरे.

Advertising
Advertising

कैमरे में रिकॉर्ड हुआ हादसे का वीडियो

घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें अंतर बिना किसी सुरक्षा रस्सी या उपकरण के चट्टान पर चढ़ते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में देखा जा सकता है कि वह चट्टान को एक हाथ से पकड़कर ऊपर बढ़ने की कोशिश कर रहे थे. कुछ सेकंड बाद उनका पकड़ कमजोर पड़ती है और वह अचानक नीचे गिर जाते हैं. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इस हादसे पर दुख जताया और जोखिम भरे स्टंट को लेकर चर्चा तेज हो गई.

चार घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मिला शव

हादसे के बाद, सिविल डिफेंस की टीमों को मौके पर भेजा गया. बचाव अभियान में गोताखोरों और पानी से जुड़े विशेषज्ञों की मदद ली गई. अधिकारियों के मुताबिक, इलाके की बनावट काफी कठिन थी. क्योंकि क्रेटर की दीवारें बेहद खड़ी और पथरीली थीं. इसी वजह से राहत और खोज अभियान चुनौतीपूर्ण बन गया. करीब चार घंटे की कोशिश के बाद गोताखोरों ने पानी की सतह से लगभग 30 मीटर नीचे अंतर के शव को बाहर निकाला.

बिना सुरक्षा उपकरण के स्टंट करते अंतर

आपको बता दें कि अल-काका इब्न अंतर सोशल मीडिया पर अपने खतरनाक एडवेंचर वीडियो के लिए काफी जाने जाते थे. उनके कई वीडियो वायरल हुए थे, जिनमें वह ऊंची चट्टानों पर बिना सुरक्षा के चढ़ाई करते नजर आते थे. इस हादसे के बाद, सिविल डिफेंस विभाग ने एडवेंचर और क्लाइंबिंग करने वालों से सुरक्षा नियमों का पालन करने और जरूरी सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल करने की अपील की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें