होर्मुज में बड़ा टकराव! ट्रंप का दावा- ईरान ने गिराया अमेरिकी Apache हेलिकॉप्टर, अब जवाब देगा US
होर्मुज के पास अमेरिकी Apache हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर हमला करने का आरोप लगाया है. हालांकि, अमेरिकी सेना ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है.
Iran-US Tension: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका और ईरान के रिश्तों में एक बार फिर नया विवाद सामने आ गया है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि होर्मुज के पास गश्त कर रहे अमेरिकी सेना के Apache हेलिकॉप्टर को ईरानी बलों ने मार गिराया. ट्रंप ने इस घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि अमेरिका को इसका जवाब देना होगा.
हालांकि, अमेरिकी सेना ने अभी तक ये पुष्टि नहीं की है कि हेलिकॉप्टर किसी हमले का शिकार हुआ था. सेना का कहना है कि हेलिकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारणों की जांच की जा रही है और फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी.
घटना में क्या कुछ हुआ?
घटना उस समय हुई जब अमेरिकी सेना का AH-64 Apache हेलिकॉप्टर ओमान के तट के पास नियमित गश्त पर था. अमेरिकी सेंट्रल कमांड के अनुसार हेलिकॉप्टर स्थानीय समयानुसार तड़के क्षेत्रीय जलक्षेत्र में ऑपरेशन के दौरान नीचे गिर गया. राहत की बात ये रही कि हेलिकॉप्टर में मौजूद दोनों पायलट सुरक्षित बचा लिए गए और उनकी हालत स्थिर बताई गई है.
इस मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करते हुए दावा किया कि उन्हें सैन्य अधिकारियों ने जानकारी दी है कि हेलिकॉप्टर को ईरानी बलों ने निशाना बनाया. उन्होंने कहा कि दोनों पायलट सुरक्षित हैं, लेकिन अमेरिका इस हमले को नजरअंदाज नहीं कर सकता और उचित जवाब देने पर विचार करेगा.
दूसरी तरफ अमेरिकी सैन्य अधिकारियों का बयान अपेक्षाकृत सावधानी भरा रहा. अधिकारियों ने केवल इतना कहा कि हेलिकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की जांच जारी है और अभी ये साफ नहीं है कि हादसा तकनीकी खराबी, मौसम या किसी अन्य कारण से हुआ.
इस घटना का एक और महत्वपूर्ण पहलू बचाव अभियान रहा. अमेरिकी नौसेना ने पहली बार एक स्वायत्त समुद्री ड्रोन की मदद से दोनों पायलटों को सुरक्षित बाहर निकाला. बताया गया कि एक मानव रहित नौसैनिक पोत ने पानी में गिरे दोनों सैनिकों का पता लगाया और उन्हें सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया. इसके बाद हेलिकॉप्टर के जरिए उन्हें निकाला गया.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें