
Rishabh Kumar
ऋषभ कुमार पाण्डेय डिजिटल मीडिया और खबरों की दुनिया में एक साल से अधिक समय का अनुभव रखते हैं. ऋषभ टेक और Off-Beat से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी रखते ... और पढ़ें
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के एक 25 साल के युवक ने सऊदी अरब में एक वीडियो बनाकर सबको चौंका दिया था. वीडियो बनाने वाले इस युवक का नाम अंकित भारती उर्फ इंद्रजीत बताया जा रहा है. उसने दावा किया था कि सऊदी अरब में उसके मालिक ने उसके सारे कागजात छीन लिए हैं और उसे जबरदस्ती रेगिस्तान में ऊंट चराने का काम करने पर मजबूर कर रहा है. अंकित ने इस वीडियो में बहुत डरा हुआ और अकेला महसूस होने की बात कही थी और भारत वापस लौटने के लिए बार-बार गुहार लगाई थी.
उसने कहा था कि उसके मालिक कपिल ने उसका पासपोर्ट रख लिया है और घर जाने की बात कहने पर उसे जान से मारने की धमकी दी है. उसने अपनी मां से बात करते हुए अपनी पत्नी और ससुर पर उसे विदेश भेजने के नाम पर फंसाने का आरोप भी लगाया था. उसने लोगों से विनती की थी कि इस वीडियो को इतना शेयर करें कि यह सीधे प्रधानमंत्री तक पहुंच जाए, ताकि उसे वापस भारत बुलाया जा सके.
हालांकि, अंकित भारती का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही सऊदी अरब की पुलिस हरकत में आ गई. पुलिस ने तुरंत इस मामले की जांच शुरू की और जल्दी ही उसके दावे को झूठा और बेबुनियाद बताकर खारिज कर दिया. पूर्वी प्रांत पुलिस के एक प्रवक्ता ने बयान जारी कर बताया कि उन्होंने उस भारतीय व्यक्ति को पूछताछ के लिए बुलाया था. जांच में यह पता चला कि उसने यह सारा ड्रामा केवल अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर ज्यादा व्यूज और लाइक्स पाने के लिए रचा था. पुलिस के अनुसार, अंकित और उसके मालिक के बीच असल में कोई झगड़ा या विवाद नहीं था. पुलिस ने यह भी बताया कि इस झूठे वीडियो को बनाने और शेयर करने के लिए उस पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
दूसरी तरफ, भारत सरकार भी इस मामले को लेकर गंभीर हो गई थी और भारतीय दूतावास ने भी जांच शुरू कर दी थी. शुक्रवार को दूतावास ने कहा कि वह वीडियो में दिख रहे व्यक्ति को ढूंढने की पूरी कोशिश कर रहा है लेकिन, वीडियो में न तो जगह (पता), न कोई फ़ोन नंबर और न ही मालिक की कोई जानकारी थी, इसलिए आगे कार्रवाई करने में दिक्कत आ रही थी. दूतावास ने उस वकील से संपर्क किया जिसने सबसे पहले यह वीडियो विदेश मंत्री एस जयशंकर को टैग करके पोस्ट किया था, और उनसे उस युवक के बारे में और जानकारी देने को कहा. साथ ही, दूतावास ने प्रयागराज के अधिकारियों से भी कहा कि वे अंकित के परिवार से संपर्क करें.
माननीय विदेश मंत्री @DrSJaishankar जी तत्काल संज्ञान मे ले, प्रयागराज हंडिया प्रतापपुर का रहने वाला फंसा सऊदी अरब मे…
पार्ट 1 सभी भाई बहन इस वीडियो को शेयर करें ताकि इसकी सहायता हो पाए pic.twitter.com/5op97otITq
— कल्पना श्रीवास्तव (@Lawyer_Kalpana) October 23, 2025
इस सबके बीच, अंकित की मां, रंजू देवी ने बताया कि यह उनकी बेटे की पहली विदेश यात्रा थी और वह नए माहौल में ढल नहीं पा रहा था, इसलिए वह थोड़ा परेशान था। वहीं, अंकित की पत्नी पिंकी ने कहा कि उन दोनों की रोज फोन पर बात होती है और कभी-कभी गुस्से में आकर वह सोशल मीडिया पर ऐसे परेशान करने वाले वीडियो डाल देता है. भारतीय दूतावास ने आखिर में लोगों से गुजारिश की है कि अगर किसी के पास भी उस युवक के बारे में कोई सही जानकारी हो, तो वे सीधे दूतावास से संपर्क करें.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें World Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.