दुनिया तेजी से उस दौर की ओर बढ़ रही है, जहां युद्ध में इंसानी सैनिकों के साथ-साथ रोबोट भी नजर आएंगे. चीन के बाद अब अमेरिका भी अपनी रोबोट आर्मी तैयार कर रहा है. इस पर काम कर रही सैन फ्रांसिस्को की रोबोटिक्स कंपनी फाउंडेशन का दावा है कि वह 2027 तक करीब 50 हजार ह्यूमनॉइड रोबोट तैयार कर लेगी. इन रोबोट्स का नाम फैंटम MK-1 रखा गया है, जिनका उद्देश्य खतरनाक मिशनों में इंसानों की जान बचाना है.
फैंटम MK-1 – इंसानों जैसा जोखिम उठा सकते
फैंटम MK-1 को खासतौर पर खतरनाक हालात के लिए डिजाइन किया गया है. इसकी लंबाई करीब 5 फुट 9 इंच है और वजन लगभग 175 से 180 पाउंड के बीच है. ये रोबोट दुश्मन इलाके में जाकर जासूसी करने, बम डिएक्टिवेट करने और उन जगहों में घुसने में सक्षम होंगे जहां इंसानी सैनिकों की जान को सबसे ज्यादा खतरा होता है. रोबोटिक्स कंपनी का कहना है कि युद्ध के दौरान सबसे पहले इन्हीं रोबोट्स को भेजा जाएगा, ताकि इंसानी जवान पीछे रहकर सुरक्षित तरीके से ऑपरेशन को कंट्रोल कर सकें.
50 हजार रोबोट्स की आर्मी बनेगी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2025 में करीब 40 रोबोट, 2026 में 10 हजार और 2027 के अंत तक कुल 50 हजार रोबोट तैयार करने का टारगेट रखा गया है. खास बात यह है कि कंपनी इन्हें बेचेगी नहीं, बल्कि किराए पर देगी. एक रोबोट का सालाना किराया लगभग एक लाख डॉलर (करीब 90 लाख रुपये) बताया जा रहा है. क्योकि एक रोबोट लगातार काम कर सकता है, इसलिए यह कई इंसानों की जगह लेकर लंबे समय में खर्च कम कर सकता है.
जानें इन रोबोट्स की खासियत
फैंटम MK-1 में महंगे सेंसर की बजाय कैमरों का इस्तेमाल किया गया है, जिससे डेटा प्रोसेसिंग आसान हो जाती है और मुश्किल इलाकों में काम बेहतर तरीके से हो पाता है. इनमें लगे खास एक्ट्यूएटर ताकतवर होने के साथ-साथ कम शोर करते हैं. कंपनी कहती है कि ये रोबोट खुद से किसी पर गोली नहीं चलाएंगे. हथियार चलाने या न चलाने का आखिरी फैसला हमेशा इंसानी ऑपरेटर के हाथ में ही रहेगा – यानी कंट्रोल पूरी तरह इंसान के पास रहेगा.
भविष्य के युद्ध कैसे होंगे?
वहीं, कुछ विशेषज्ञ मानते हैं कि जब सैनिकों का खतरा कम होगा, तो युद्ध शुरू करने के फैसले राजनीतिक रूप से आसान हो सकते हैं. इससे पहले चीन ने भी वियतनाम सीमा पर रोबोट तैनात करने की योजना बनाई थी. ऐसे में साफ है कि आने वाले समय में युद्ध का चेहरा पूरी तरह बदलने वाला है. वह दिन दूर नहीं, जब इंसानी सैनिकों के साथ-साथ रोबोट आर्मी भी जंग के मैदान में उतरेगी.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें World Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.