स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी में Sundar Pichai का क्यों हुआ विरोध? ग्रेजुएशन डे स्पीच शुरू होते ही बाहर निकल गया छात्रों का ग्रुप | VIDEO

Written By: Parinay Kumar Updated by: Parinay Kumar
Updated Date:June 15, 2026 12:32 PM IST

स्टेज पर जैसे ही सुंदर पिचाई (Sundar Pichai) का परिचय दिया गया, छात्र अपनी सीट से उठ खड़े हुए,फिलिस्तीनी झंडे लहराए, सीटियां बजाईं और विरोध में नारे लगाते हुए बाहर निकल गये. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.

स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी (Stanford University) के ग्रेजुएशन समारोह में उस समय अचानक हलचल मच गई, जब Google के CEO सुंदर पिचाई (Sundar Pichai) छात्रों को संबोधित करने के लिए मंच पर पहुंचे. फिलिस्तीन समर्थक छात्रों का एक ग्रुप नारेबाजी करते हुए उनकी स्पीच से वॉकआउट कर लिया. छात्र फिलिस्तीन के झंडे और बैनर के साथ'फ्री फिलिस्तीन' के नारे भी लगा रहे थे. ग्रेजुएशन समारोह में आमतौर पर खुशनुमा माहौल होता है, लेकिन उस समय वहां का माहौल कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

Advertising
Advertising

नारेबाजी करते समारोह से बाहर निकले छात्र

TOI की रिपोर्ट के मुताबिक, जैसे ही सुंदर पिचाई का परिचय दिया गया, छात्र अपनी सीटों से उठ खड़े हुए,फिलिस्तीनी झंडे लहराए, सीटियां बजाईं और विरोध में नारे लगाते हुए बाहर निकल गये. कई छात्र फिलिस्तीनियों के समर्थन में 'केफिया' (एक पारंपरिक स्कार्फ) पहने हुए भी दिखे. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में छात्र ग्रेजुएशन गाउन और कैप पहने स्टेडियम से बाहर निकलते हुए देखे जा सकते हैं. बाहर निकलते समय कुछ छात्रों की हूटिंग की आवाजें भी सुनाई दीं, जबकि स्टैनफोर्ड के पूर्व छात्र सुंदर पिचाई अपना भाषण देते रहे.

सुंदर पिचाई ने AI पर नहीं की ज्यादा बात

सुंदर पिचाई को यह कहते हुए सुना जा सकता है, 'मैं आप सभी को पहले ही बता दूं कि यह मेरी तरफ से दिया गया सिर्फ दूसरा दीक्षांत भाषण है. पहला भाषण तो सचमुच मेरे घर के पीचे में ही हुआ था.' अपने भाषण के दौरान, सुंदर पिचाई ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बारे में बात नहीं की, जो आज एक बड़ी चिंता का विषय है क्योंकि कई छात्र AI के कारण नौकरियां जाने को लेकर चिंतित हैं. हो सकता है कि पिचाई ने AI पर चर्चा करने से परहेज किया हो, क्योंकि हाल ही में अन्य टेक लीडर्स को AI के बारे में सकारात्मक बातें करने पर छात्रों की आलोचना और हूटिंग का सामना करना पड़ा है.

सुंदर पिचाई ने छात्रों को दिये कई सलाह

पिचाई ने स्टैनफोर्ड ग्रेजुएट छात्रों को करियर और जीवन से जुड़ी कई सलाह दी. उन्होंने कहा कि आज का दिन छात्रों को सलाह देने का है, लेकिन उन्हें भी लोगों ने बहुत सलाह दी है कि क्या कहना चाहिए और क्या नहीं कहना चाहिए. अपने भाषण में पिचाई ने हल्के अंदाज में मजाक भी किया. उन्होंने कहा कि लोगों को लगता था कि उनके लिए बोलना मुश्किल होगा, क्योंकि उनके नाम के आखिरी दो अक्षर भी एक चर्चा का विषय बन सकते हैं. उन्होंने छात्रों से कहा कि जीवन में परिस्थितियों को देखने का नजरिया बहुत मायने रखता है.

क्यों हुआ सुंदर पिचाई का विरोध?

यह वॉकआउट 'स्टूडेंट्स फॉर जस्टिस इन पैलेस्टाइन' और 'नो टेक फॉर अपार्थाइड' ने Google के IDF, डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी और ICE के साथ हुए कॉन्ट्रैक्ट्स के विरोध में किया था. यह विरोध 'प्रोजेक्ट निंबस' से जुड़ा था, जो Google और इज़राइली सरकार के बीच 1.2 बिलियन डॉलर की क्लाउड-कंप्यूटिंग डील है. फिलिस्तीन-समर्थक एक्टिविस्ट्स ने इस डील की आलोचना की है और Google पर अपनी टेक्नोलॉजी सर्विस के जरिये इजरायल का समर्थन करने का आरोप लगाया है. समारोह से निकलने के बाद, कई छात्र 'पीपल्स कमेंसमेंट' नाम के एक कार्यक्रम में शामिल हुए. SFGate के मुताबिक, इस कार्यक्रम में महमूद खलील मुख्य वक्ता थे. 2024 में कोलंबिया यूनिवर्सिटी में फिलिस्तीन-समर्थक एक्टिविज़्म में शामिल होने के कारण अमेरिकी इमिग्रेशन अधिकारियों ने खलील को 100 से ज्यादा दिनों तक हिरासत में रखा था.

पहले भी हुटिंग का करना पड़ा है सामना

इस साल की शुरुआत में, यूनिवर्सिटी के कार्यक्रमों में AI को बढ़ावा देने के बाद Google के पूर्व CEO एरिक श्मिट और अन्य टेक्नोलॉजी अधिकारियों को छात्रों की हूटिंग का सामना करना पड़ा था. यह वह समय था जब कई ग्रेजुएट्स नौकरी पाने के लिए संघर्ष कर रहे थे और टेक सेक्टर में छंटनी को लेकर चिंतित थे. पिछले महीने, टेक पॉडकास्ट 'हार्ड फोर्क' पर पिचाई से पूछा गया था कि स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी में भाषण के दौरान छात्रों की संभावित हूटिंग से वह कैसे निपटेंगे? पिचाई ने कहा कि उन्हें युवाओं और उनके भविष्य पर भरोसा है. उन्होंने कहा कि जो छात्र AI के आलोचक हैं, वे भी आने वाले वर्षों में इस टेक्नोलॉजी के विकास को आकार देने में मदद करेंगे.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें